संगठन सुदृढ़ीकरण, बूथ प्रबंधन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर बनी रणनीति
रायपुर, छत्तीसगढ़ | चौपाल न्यूज़ इनChaupal News In
जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण की मासिक एवं महत्वपूर्ण बैठक जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र “पप्पू” बंजारे के नेतृत्व तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह सचिव एवं रायपुर जिला प्रभारी श्री विजय जांगिड़ की उपस्थिति में गांधी मैदान स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी विजय जांगिड़ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों और जनआंदोलनों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।

पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया ने अपने संबोधन में बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि कांग्रेस की वास्तविक ताकत गांव, वार्ड और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनने और संगठन को मजबूत करने का आग्रह किया।

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय जी ने कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और जनहितकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रत्येक कार्यकर्ता की है।


रायपुर ग्रामीण के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं जनसेवक पंकज शर्मा ने भाजपा की साय सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई और जनसुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इन विफलताओं को जनता तक पहुंचाना चाहिए।

बैठक में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याएं, युवाओं के भविष्य तथा आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि प्रदेश और देश की जनता भाजपा सरकार की नीतियों से निराश है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की आवाज को मजबूती से उठाएं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक धरसीवा श्रीमती अनिता योगेन्द्र शर्मा, पूर्व अध्यक्ष पाठ्य पुस्तक निगम श्री शैलेश नितिन त्रिवेदी, बिरगांव नगर निगम महापौर श्री नंदलाल देवांगन, जिला महिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती केसरी मोहन साहू, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री उधोराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ऊर्जावान कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, जनता के हितों की रक्षा करने तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष को तेज करने का सामूहिक संकल्प लिया।
रिपोर्टर : सुरेन्द्र यादव
चौपाल न्यूज़ इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)

