मांगें पूरी नहीं होने पर लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी
चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ आरंग/रायपुर, 4 अगस्त। आरंग विधानसभा क्षेत्र के बद्रीप्रसाद लोधी शासकीय महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर एनएसयूआई ने सोमवार को प्रभारी प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष अजीत कोसले के मार्गदर्शन में सौंपे गए इस ज्ञापन में छात्रहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
एनएसयूआई ने महाविद्यालय में प्रस्तावित ड्रेस कोड लागू करने का विरोध करते हुए कहा कि यहां अध्ययनरत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। ऐसे में ड्रेस कोड अनिवार्य किए जाने से उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। संगठन ने महाविद्यालय प्रशासन से छात्र-छात्राओं की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की।

ज्ञापन में महाविद्यालय परिसर में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त क्षमता वाले वाटर कूलर की स्थापना, परिसर एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, अंग्रेजी विषय के रिक्त पदों पर शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए महाविद्यालय में कैंटीन प्रारंभ करने की भी मांग की गई।
इस दौरान विधानसभा महासचिव मोहन पटेल एवं देवकुमार रात्रे ने कहा कि एनएसयूआई हमेशा छात्रों के अधिकारों और उनकी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि उठाई गई सभी मांगें सीधे तौर पर विद्यार्थियों की शिक्षा, सुविधा और भविष्य से जुड़ी हुई हैं। संगठन ने महाविद्यालय प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया।
एनएसयूआई नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि छात्रहित से जुड़ी इन मांगों पर समय रहते उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो आरंग विधानसभा एनएसयूआई विद्यार्थियों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान मोहन पटेल, देवकुमार रात्रे, कान्हा टंडन, अभिषेक गायकवाड़, पवास जांगड़े, वरुण साहू, आर्यन सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
— चौपाल न्यूज इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)
