पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के नेतृत्व में 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
आरंग | चौपाल न्यूज इन रायपुर, छत्तीसगढ़http://Chaupalnews.in
छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज होती नजर आ रही है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद अब कांग्रेस विपक्ष की भूमिका में आक्रामक रणनीति अपनाते हुए मैदान में उतर चुकी है। इसी कड़ी में आरंग विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार 12 मई को कांग्रेस द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन एवं मंत्री कार्यालय घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसे भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र का सबसे बड़ा राजनीतिक आंदोलन माना जा रहा है।

कांग्रेस द्वारा यह आंदोलन 12 सूत्रीय जनहितैषी मांगों को लेकर किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार दोपहर 1 बजे आरंग मुख्य बस स्टैंड से होगी, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, NSUI एवं विभिन्न संगठनों के सदस्य एकत्रित होंगे। सभा के पश्चात रैली के रूप में नेताजी चौक स्थित कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया संभालेंगे आंदोलन की कमान

इस बड़े आंदोलन की कमान पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया संभालेंगे। आंदोलन को सफल बनाने के लिए आरंग स्थित राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, प्रभारी, नगरीय निकाय जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस एवं NSUI के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आंदोलन की रणनीति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और गांव-गांव से लोगों को जोड़ने को लेकर विशेष रूप से मंथन किया गया।

जनता की आवाज बुलंद करने का दावा
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाने का कार्य करती रही है और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरंग क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी पड़ी है तथा जनता कई मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। कांग्रेस का दावा है कि इस प्रदर्शन में गांव-गांव से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे, जिससे क्षेत्र की राजनीति में बड़ा संदेश जाएगा।
12 सूत्रीय मांगों पर टिकी राजनीतिक नजरें
कांग्रेस द्वारा अभी तक अपनी 12 सूत्रीय मांगों का औपचारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इन मांगों में क्षेत्रीय विकास, किसानों की समस्याएं, सड़क एवं पेयजल व्यवस्था, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और आम जनता से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आरंग में होने वाला यह प्रदर्शन आगामी राजनीतिक रणनीति का संकेत भी माना जा सकता है। कांग्रेस इस आंदोलन के माध्यम से सरकार को जनता के मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है।
भाजपा सरकार के खिलाफ बढ़ेगा सियासी दबाव
आरंग में होने वाला यह आंदोलन केवल स्थानीय प्रदर्शन नहीं बल्कि कांग्रेस की सक्रिय विपक्षी राजनीति का बड़ा संदेश माना जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि सरकार जनता की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखाती है तो आने वाले समय में आंदोलन और भी व्यापक रूप ले सकता है।
चौपाल न्यूज इन — राजनीति से समाज तक, हर खबर सबसे पहले

