दवा विक्रेताओं ने जनहित में किया एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन, लोगों से की जागरूक रहने की अपील
चौपाल न्यूज इन, रायपुर छत्तीसगढ़ | बिरगांव
आज 20 मई 2026 को बिरगांव में दवा विक्रेता कल्याण संघ के आह्वान पर “ऑल इंडिया मेडिकल बंद” के तहत एक दिवसीय बंद और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और भारी डिस्काउंट के नाम पर बिक रही संदिग्ध एवं नकली दवाओं से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य खतरों के प्रति जागरूक करना रहा।
दवा विक्रेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन माध्यमों से दवाओं की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, जहां कई बार बिना उचित जांच-पड़ताल और विश्वसनीयता के दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं। इसी जनहित के मुद्दे को लेकर दवा विक्रेताओं ने एकजुट होकर अपना विरोध दर्ज कराया।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से जन सेवक पंकज शर्मा जी, रायपुर ग्रामीण, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे जी, महापौर नंद लाल देवांगन जी, ब्लॉक अध्यक्ष योगेन्द्र सोलंकी जी, बाबा खान जी, निहाल जी, दवा विक्रेता परमानंद पटेल जी एवं संतोष यादव जी सहित बड़ी संख्या में दवा विक्रेता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि दवाएं हमेशा विश्वसनीय और पंजीकृत मेडिकल स्टोर्स से ही खरीदें तथा ऑनलाइन मिलने वाले अत्यधिक डिस्काउंट और संदिग्ध ऑफर्स के झांसे में आने से बचें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से बड़ा कोई धन नहीं होता और नकली दवाएं लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर सकती हैं।
दवा विक्रेता कल्याण संघ, बिरगांव ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यापारिक हित के लिए नहीं बल्कि जन सुरक्षा और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से किया गया है। प्रदर्शन के दौरान लोगों को सुरक्षित दवा खरीदने और जागरूक उपभोक्ता बनने का संदेश भी दिया गया।
