नवनिर्मित व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण, पूर्व मंत्री व सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि
चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ http://Chaupalnews.inरायपुर।
यादव (ठेठवार) समाज रायपुर राज का वार्षिक महाधिवेशन एवं गौ-सेवक, चरवाहा व बुजुर्ग सम्मान समारोह 2026 गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर समाज के नवनिर्मित व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण भी किया गया, जो समाज की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने यादव समाज के गौरवशाली इतिहास, सामाजिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि—

“भगवान श्रीकृष्ण के वंशज यादव समाज ने सदैव परिश्रम, स्वाभिमान, गौ-सेवा और सामाजिक समरसता की परंपरा को जीवित रखा है। गौ-सेवकों और अनुभवी बुजुर्गों का सम्मान हमारी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। नवनिर्मित व्यावसायिक परिसर समाज की आर्थिक सशक्तता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”


उन्होंने आगे कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास, युवा सशक्तिकरण और जनकल्याण के लिए ऐसे आयोजन प्रेरणास्रोत हैं और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर समाज के गौ-सेवकों, चरवाहों एवं वरिष्ठ बुजुर्गों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान समाज की परंपराओं, मूल्यों और सेवा भाव को याद करते हुए भावनात्मक क्षण भी देखने को मिले।

कार्यक्रम में रायपुर राज अध्यक्ष श्री संतोष यादव, महासचिव श्री मनी राम यादव सहित समाज के पदाधिकारी, युवा वर्ग, महिला समिति और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने नवनिर्मित व्यावसायिक परिसर को समाज की उन्नति का मजबूत आधार बताया।
समापन अवसर पर यादव समाज की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
✍️ रिपोर्ट : सुरेंद्र यादव
प्रधान संपादक – चौपाल न्यूज इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)

