चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ http://Chaupalnews.inरायपुर, 08 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर Raipur में “मैं भारत हूं” थीम पर एक ऐतिहासिक बाइक-स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। इस भव्य रैली में 2000 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति और नारी शक्ति का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। मातृशक्ति की इस विशाल रैली ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर रायपुर को गौरवान्वित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शहर के प्रसिद्ध माँ काली मंदिर रायपुर से हुआ, जहां सामूहिक वंदे मातरम् के साथ राष्ट्रभक्ति की भावना से कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके पश्चात अखिल भारतीय धर्मजागरण समन्वय कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव तथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली का नेतृत्व महिला पुलिस कर्मियों के अनुशासित दस्ते ने किया, जिसके पीछे हजारों महिलाओं ने तिरंगा हाथों में लेकर शहर की सड़कों पर “भारत माता की जय” के नारों के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
इस ऐतिहासिक आयोजन की मुख्य संयोजिका डॉ. भारवि वैष्णव तथा सह-संयोजिका डॉ. अनामिका सिंह रहीं।
डॉ. भारवि वैष्णव ने कहा कि रायपुर की सड़कों पर उमड़ा मातृशक्ति का यह जनसैलाब यह दर्शाता है कि भारतीय नारी के मन में राष्ट्र के प्रति समर्पण सर्वोपरि है। उनका उद्देश्य समाज में राष्ट्र चेतना और आत्मगौरव की भावना को जागृत करना है।

डॉ. अनामिका सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी पूर्ण होता है जब महिलाएं मानसिक, सामाजिक और राष्ट्रीय दृष्टि से सशक्त हों। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मातृशक्ति की यह ऐतिहासिक भागीदारी समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी।
धर्म जागरण समन्वय विभाग के अखिल भारतीय प्रमुख राजेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि संगठित मातृशक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक शक्ति और संस्कृति की संरक्षक है।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वीआईपी चौक रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर वीआईपी चौक पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीराम मंदिर के उपाध्यक्ष सुनील रामदास तथा बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने भी आयोजन की सराहना की। सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।

चौपाल न्यूज इन | रायपुर छत्तीसगढ़
आपकी आवाज, समाज की बात
