माता-पिता के चरणों में नमन, ग्रामीण प्रतिभाओं का सम्मान: डॉ. बेदलाल साहू की अनूठी पहल बनी प्रेरणा

माता-पिता के चरणों में नमन, ग्रामीण प्रतिभाओं का सम्मान: डॉ. बेदलाल साहू की अनूठी पहल बनी प्रेरणा

कुसमुंद में 37 वरिष्ठ नागरिकों का चरण वंदन एवं 40 प्रतिभावान व्यक्तित्वों को ‘गांव गौरव सम्मान’ से किया गया सम्मानित।

चौपाल न्यूज इन रायपुर आरंग। आधुनिकता और बदलते सामाजिक परिवेश के बीच माता-पिता के त्याग, तपस्या और संस्कारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अनूठी पहल ग्राम कुसमुंद में देखने को मिली।


व्याख्याता (रसायन शास्त्र) डॉ. बेदलाल साहू एवं उनके परिवार के आतिथ्य तथा शिक्षा संकल्प विकास समिति छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में 10 नवंबर को ग्राम कुसमुंद के बरगुड़ी चौक में ‘माता-पिता चरण वंदन, पाद प्रक्षालन, पूजा एवं गांव गौरव सम्मान समारोह’ का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन स्वर्गीय श्रीमती देवकुंवर एवं घसिया राम साहू की स्मृति को समर्पित रहा।
37 बुजुर्गों का चरण वंदन कर लिया आशीर्वाद
समारोह में ग्राम कुसमुंद के सभी जाति-वर्गों के 75 वर्ष या उससे अधिक आयु के 37 वरिष्ठ नागरिकों का विधि-विधान से चरण वंदन, पाद प्रक्षालन एवं पूजन किया गया। साथ ही शॉल एवं श्रीफल भेंटकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान आयोजक परिवार एवं उपस्थित लोगों ने बुजुर्गों से आशीर्वाद प्राप्त किया।


40 प्रतिभाओं को मिला ‘गांव गौरव सम्मान’
शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, प्रशासनिक सेवा, पुलिस, कृषि, व्यवसाय, कला एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुसमुंद तथा आसपास के क्षेत्र के 40 प्रतिभावान व्यक्तित्वों को सार्वजनिक मंच पर शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र देकर ‘गांव गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
प्रशासनिक एवं कला जगत की हस्तियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के एनएआई के सहायक निदेशक डॉ. एस.एल. साहू रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रशिक्षु डीएसपी निशा ठाकुर के पिता श्री माखन लाल ठाकुर, प्रधान पाठक उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में सिविल इंजीनियर सेवक साहू, पटवारी संत राम साहू, झाड़ू राम साहू कुसमुंद, बलिराम साहू चपरीद, मेहत्तर लाल साहू तुलसी, मनराखन लाल साहू परसदा, पुनीत राम साहू कुसमुंद एवं फत्तेलाल साहू प्रधान पाठक सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए।


लोकगीत की प्रस्तुति ने बांधा समां
समारोह में गंगा साहू द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध संगीतमय लोकगीत ‘लोक बयार राजा मोरध्वज नगरी, आरंग’ की प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की माटी की सोंधी खुशबू बिखेरी। लोक संस्कृति से जुड़ी इस प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
शिक्षा के प्रकाश को निरंतर जलाए रखने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने शिक्षा रूपी प्रकाश को निरंतर प्रज्वलित रखने का संदेश देते हुए आयोजक परिवार को संकल्प दिलाया। इस अवसर पर दीपदान भी किया गया, जिसे श्रीमती रीना साहू एवं उनके परिवार ने ग्रहण कर शिक्षा के प्रसार का संकल्प लिया।
आयोजन को आधुनिक युग में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, पारिवारिक संस्कारों के संरक्षण और ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल के रूप में देखा गया।
कार्यक्रम को मां कर्मा अंग्रेजी विद्यालय के संचालक नन्द कुमार साहू, श्रीमती सुनीता साहू शिक्षिका, दामोदर चंद्राकर, सुखुराम साहू, डॉ. तोमन लाल साहू, किशन निषाद, योगेंद्र साहू, अनिल पुष्पकार, डेविड पुष्पकार, तुलसी राम सोनकर, पंडित छत्रधर दीवान, नीरजा साहू, मितान्जली मोहंती एवं होरीलाल पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सराहनीय बताते हुए क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक आयोजन बताया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. बेदलाल साहू एवं श्री ढालेंद्र साहू ने किया। आभार प्रदर्शन श्रीमती रीना साहू, व्याख्याता द्वारा किया गया।
आयोजक परिवार ने समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को गरिमामय बनाने के लिए समस्त ग्रामवासियों, प्रबुद्धजनों एवं युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़ आरंग-सामोदा क्षेत्र की खबरें, जनहित की आवाज।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *