आरंग | रायपुर | छत्तीसगढ़http://Chaupalnews.in
जिला पंचायत क्षेत्र रायपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत गुमा, कुकरा, भानसोज, सन्डी एवं रीवा में महान संत, सतनाम पंथ के प्रवर्तक एवं परम पूज्यनीय गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
इस पावन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में विभिन्न ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने गुरु घासीदास बाबा जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर बाबा जी के चरणों में नमन किया।

“सतनाम का संदेश आज भी समाज को दिशा देता है” – वतन चन्द्राकर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने कहा कि
“पूज्यनीय गुरु घासीदास बाबा जी का ‘सतनाम’ का संदेश आज भी समाज को सत्य, समानता, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। बाबा जी ने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर समरस और समान समाज की स्थापना का संदेश दिया।”
उन्होंने युवाओं से बाबा जी के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक एकता, भाईचारे और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
ग्रामीणों की भारी सहभागिता, भक्ति और सामाजिक एकता का संगम
जयंती आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता, सतनाम पंथी अनुयायी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में भजन-कीर्तन, सतनाम जयघोष और बाबा जी के विचारों पर आधारित संदेशों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

वतन चन्द्राकर ने सभी ग्रामवासियों को गुरु घासीदास बाबा जी की जयंती की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं तथा सफल आयोजन के लिए ग्राम स्तरीय आयोजन समितियों का आभार व्यक्त किया।
सामाजिक एकता और सतनाम संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन भक्ति भाव, सामाजिक समरसता और सतनाम के संकल्प के साथ किया गया। ग्रामीणों ने बाबा जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में सत्य व समानता स्थापित करने का संकल्प लिया।

