सुशासन तिहार में जनप्रतिनिधियों की कथित उपेक्षा, प्रोटोकॉल उल्लंघन और राजनीतिक दबाव के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे बोले – “जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा”
रायपुर/मंदिर हसौद | चौपाल न्यूज इन छत्तीसगढ़
सुशासन तिहार के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष एवं निर्वाचित पार्षदों की कथित उपेक्षा, प्रोटोकॉल उल्लंघन, जातिसूचक टिप्पणी तथा राजनीतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने की आशंका को लेकर कांग्रेस ने मंदिर हसौद में जोरदार विरोध दर्ज कराया। जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष राजेन्द्र (पप्पू) बंजारे के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल थाना मंदिर हसौद पहुंचा और शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और विपक्षी जनप्रतिनिधियों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
पप्पू बंजारे ने सरकार को घेरा, कहा – लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों का अपमान अस्वीकार्य
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने पूरे मामले को लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि कांग्रेस किसी भी परिस्थिति में जनता की आवाज को दबाने नहीं देगी।
उन्होंने कहा,
“जनता द्वारा चुने गए नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों की उपेक्षा केवल व्यक्तियों का नहीं, बल्कि जनता के जनादेश का अपमान है। मंत्री के क्षेत्र में ही यदि जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं, तो यह सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस निष्पक्ष जांच होने तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।”
बंजारे ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों को सम्मान देना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। यदि किसी प्रकार का प्रोटोकॉल उल्लंघन हुआ है या राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई की गई है, तो इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
ओम प्रकाश यादव बोले – सुशासन के नाम पर जनप्रतिनिधियों का अपमान
चन्द्रखुरी मंडल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के सुशासन के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।
उन्होंने कहा,
“भाजपा राज में सुशासन नहीं, बल्कि अफसरशाही का बोलबाला दिखाई दे रहा है। जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा और अपमान लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से खड़ी है।”
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने दिया एकजुटता का संदेश
ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के सम्मान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री रेखाराम पात्रे, कांग्रेस अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम धीवर, उपेंद्र भारती, पार्षद पीतांबर सोनवानी, अनुज मिश्रा, बिंदु भूषण बघेल, राकेश मिश्रा, जितेंद्र चतुर्वेदी, एकता अवधेश मिश्रा, संगीता जायसवाल, निर्देश सिन्हा, तारणी (पिंटू) निर्मलकर, लक्की साहू, आर्यन जोशी, कमलेश भारती, प्रवीण भारती राकेश जायसवाल प्रवीण सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस का स्पष्ट संदेश – सम्मान से समझौता नहीं
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगी। कांग्रेस ने इसे केवल एक व्यक्ति या पद का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के सम्मान का मुद्दा बताया।
चौपाल न्यूज इन विशेष
“जनता के जनादेश के सम्मान की लड़ाई में कांग्रेस मैदान में, पप्पू बंजारे के नेतृत्व में प्रशासन पर बढ़ा दबाव”
रिपोर्ट : सुरेन्द्र यादव
मुख्य संपादक, चौपाल न्यूज इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)
