“खाद दो, खेती बचाओ” के नारों के साथ किसानों ने किया शांतिपूर्ण धरना, पूर्ववत उर्वरक वितरण की मांग
चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ http://Chaupalnews.inआरंग। ग्रामीण सेवा सहकारी समिति रीवा पं.क्र. 1527 अंतर्गत ग्राम कुकरा, रसनी एवं रीवा के किसानों ने प्रति एकड़ रासायनिक खाद की मात्रा में की गई कटौती के विरोध में शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम समिति प्रबंधक जगदीश साहू को ज्ञापन सौंपते हुए पूर्ववत खाद वितरण व्यवस्था लागू करने की मांग की।

धरना प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि नई उर्वरक अनुशंसा से खेती की लागत बढ़ेगी और उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। किसानों का कहना है कि पहले प्रति एकड़ 2 बोरी यूरिया, 2 बोरी डीएपी और 1 बोरी पोटाश दिया जाता था, लेकिन अब केवल 1 बोरी यूरिया, आधा बोरी डीएपी, 1 बोरी पोटाश, 2 बोतल नैनो यूरिया एवं 1 बोतल नैनो डीएपी देने का प्रावधान किया गया है।
किसानों ने आरोप लगाया कि शासन पहले अधिक उत्पादन के लिए रासायनिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देता रहा, लेकिन अब अचानक खाद की मात्रा कम कर दी गई है। इससे उत्पादन घटने और किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है। किसानों ने कहा कि उन्हें निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदने मजबूर होना पड़ेगा, जिससे खेती घाटे का सौदा बन जाएगी।
इस दौरान सहकारी समिति रीवा के शेयर होल्डर एवं क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर ने कहा कि किसान पहले से महंगे डीजल, बीज और मौसम की मार से परेशान है। ऐसे समय में खाद की मात्रा कम करना किसानों के साथ अन्याय है। सरकार को तत्काल किसानों की मांग सुनते हुए पूर्ववत खाद वितरण व्यवस्था लागू करनी चाहिए।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 15 मई को भानसोज सोसायटी में भी किसानों ने खाद कटौती के विरोध में धरना प्रदर्शन किया था।
धरना में मुख्य रूप से दौलत साहू, हरि बंजारे, सुकुल साहू, दिलीप कुर्रे, रमेश चन्द्राकर, अश्वनी चन्द्राकर, शोभाराम साहू, संतोष साहू, बेनुराम साहू, बिष्णु साहू, घनाराम साहू, मेघनाथ साहू, हेमलाल साहू, नोहर सिन्हा, प्रदीप साहू, संतोष चन्द्राकर, मोरज चन्द्राकर, चन्द्रप्रकाश चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
✍️ चौपाल न्यूज़ इन | रायपुर छत्तीसगढ़
