रायपुर | मंदिर हसौद | 01 जनवरी 2026
परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के पावन अवसर पर मंदिर हसौद क्षेत्र के नवागांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर माननीय पूर्व मंत्री एवं सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा गुरु घासीदास जी को नमन करते हुए उनके विचारों को समाज के लिए आज भी प्रासंगिक बताया तथा कार्यक्रम में उपस्थित समाज के प्रबुद्धजनों से आत्मीय भेंट कर संवाद किया।

बाबा गुरु घासीदास जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने, सभी प्राणियों से प्रेम करने और सत्य–अहिंसा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने अन्याय, अंधविश्वास और भेदभाव के विरुद्ध चेतना जगाकर मानवता, करुणा और सामाजिक समानता की मजबूत नींव रखी, जो आज भी समाज को नई दिशा प्रदान कर रही है।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण युवाओं द्वारा प्रस्तुत पंथी नृत्य रहा, जिसमें बाबा गुरु घासीदास जी के संदेशों को जीवंत और प्रभावशाली रूप में प्रस्तुत किया गया। पंथी नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई।

इस अवसर पर ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से सरपंच प्रतिनिधि डॉ. कैलाश आडिल, दशरथ सोनवानी, खिलावन सोनवानी, पवन सोनवानी (पूर्व सरपंच), धनेश्वर जांगड़े, बंटी सोनवानी (पंच), भवानी रात्रे सहित आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यक्रम सौहार्द, सामाजिक समरसता और बाबा गुरु घासीदास जी के विचारों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।
— चौपाल न्यूज इन, रायपुर छत्तीसगढ़http://Chaupalnews.in


