रायपुर में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, “अधिकार नहीं मिला तो संघर्ष जारी रहेगा”
रायपुर/चौपाल न्यूज इन छत्तीसगढ़।http://Chaupalnews.in
राजधानी रायपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाली समेत विभिन्न छात्र हितों की मांग को लेकर एनएसयूआई द्वारा मुख्यमंत्री निवास घेराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आंदोलन का नेतृत्व एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा कार्यकर्ता एवं कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री निवास घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। इस दौरान देवेन्द्र यादव, सुबोध हरितवाल, एजाज ढेबर, विकास उपाध्याय, संजीव शुक्ला, अजित कुकरेजा एवं शांतनु झा ने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में शामिल छात्र नेताओं ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों का मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार है, जिसे भाजपा सरकार लगातार रोककर युवाओं के भविष्य और नेतृत्व क्षमता को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। एनएसयूआई ने स्पष्ट कहा कि जब तक छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए जाते, तब तक सड़क से सदन तक आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि छात्रों की आवाज़ को दबाने वाली सरकार को जवाब देना होगा। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं से उनका नेतृत्व, उनका मंच और उनका हक छीनना चाहती है, लेकिन एनएसयूआई का एक-एक कार्यकर्ता छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के जल, जंगल और जमीन के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। वक्ताओं ने कहा कि “हसदेव से बस्तर तक जंगलों को उजाड़ा जा रहा है और प्राकृतिक संसाधनों को उद्योगपतियों के हवाले किया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि जिस दिन छत्तीसगढ़ का युवा पूरी ताकत से जाग जाएगा, उस दिन कोई भी ताकत प्रदेश की पहचान, संसाधनों और अधिकारों को नहीं बेच पाएगी।
एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल छात्रसंघ चुनाव की बहाली तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, सम्मान, लोकतांत्रिक अधिकार और युवाओं के भविष्य की लड़ाई है।
इस दौरान छात्रों ने एक स्वर में मांग की —
✊ छात्रसंघ चुनाव की तत्काल बहाली
✊ युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा
✊ छात्र हितों पर हो रहे हमलों को बंद करने की मांग
एनएसयूआई ने ऐलान किया कि छात्रों को उनका अधिकार मिलने तक संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
📍स्थान : मुख्यमंत्री निवास घेराव, रायपुर
✍️ सुरेंद्र यादव
प्रधान संपादक — चौपाल न्यूज इन, रायपुर छत्तीसगढ़
