शिक्षकों की लंबित समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग, शिक्षा संचालक ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन
रायपुर | चौपाल न्यूज इन |
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के समाधान को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय पहुंचकर स्कूल शिक्षा विभाग के संचालक **** को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।
संभागीय सचिव ओंकार प्रसाद वर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर के नेतृत्व एवं प्रांताध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर की उपस्थिति में शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षा संचालक से मुलाकात कर प्रदेशभर के शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
11 सूत्रीय मांगपत्र में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
शिक्षक संघ ने भर्ती एवं पदोन्नति नियम-2026 के तहत 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में सभी शैक्षिक संवर्गों की वरिष्ठता सूची का शीघ्र प्रकाशन कर पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग की। इसके अलावा रायपुर संभाग के पूर्व माध्यमिक प्रधान पाठकों की लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को तत्काल पूरा करने का आग्रह किया गया।
संघ ने सहायक शिक्षक से लेकर प्राचार्य तक लंबित समयमान वेतनमान के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व “ना जांच-ना मांग” वाले प्रकरणों का निपटारा, प्रधान पाठक से व्याख्याता बने शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारण में प्रधान पाठक के सेवा काल को जोड़ने तथा शिक्षक हितों से जुड़े अन्य लंबित मामलों के समाधान की मांग भी रखी।
VSK ऐप के स्थान पर बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग
मांगपत्र में VSK ऐप की तकनीकी खामियों और प्रदेश के अनेक ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क की समस्या का उल्लेख करते हुए उसके स्थान पर बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने की मांग की गई। संघ का कहना है कि इससे शिक्षकों को अनावश्यक तकनीकी परेशानियों से राहत मिलेगी।
अतिथि शिक्षकों और ग्रंथपालों के लिए भी उठाई आवाज
प्रतिनिधिमंडल ने अतिथि शिक्षकों की हड़ताल अवधि का लंबित वेतन शीघ्र जारी करने, उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए संविदा कर्मचारियों की तरह सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शिक्षक एलबी ग्रंथपालों का शिक्षक एलबी संवर्ग में समायोजन करने की मांग भी रखी। साथ ही हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में शनिवार को पूर्व की भांति प्रातःकालीन समय पर विद्यालय संचालन बहाल करने का आग्रह किया गया।
सकारात्मक चर्चा, समयबद्ध कार्रवाई का मिला आश्वासन
शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शिक्षा संचालक ने सभी मांगों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए संबंधित विषयों पर नियमानुसार एवं समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर, प्रांताध्यक्ष संजय सिंह ठाकुर, प्रांतीय कोषाध्यक्ष गयाराम राजवाड़े, उप प्रांताध्यक्ष अशोक गुप्ता, जिलाध्यक्ष मनीष देवांगन सहित शिक्षक संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: चौपाल न्यूज इन
रायपुर, छत्तीसगढ़
