रायपुर में गूंजा महिला शक्ति का संकल्प: नारी संगम सीजन-3 की ऐतिहासिक सफलता पर समीक्षा बैठक, सम्मान समारोह और भविष्य की नई रणनीति

रायपुर में गूंजा महिला शक्ति का संकल्प: नारी संगम सीजन-3 की ऐतिहासिक सफलता पर समीक्षा बैठक, सम्मान समारोह और भविष्य की नई रणनीति

रायपुर। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज ऐतिहासिक नारी संगम सीजन-3 की सफलता के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में उपलब्धियों का मूल्यांकन किया गया, समर्पित सदस्यों को सम्मानित किया गया तथा महिला सशक्तिकरण के नए अभियानों की रणनीति तय की गई।

चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़

रायपुर। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाले ‘नारी संगम सीजन-3’ की अभूतपूर्व सफलता के बाद जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल ने शंकर नगर स्थित विम्तारा भवन में भव्य समीक्षा बैठक, जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) एवं मेंबर्स सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक, प्रेरक वक्ता एवं नारी संगम के मुख्य ट्रेनर राजेश अग्रवाल ने किया।

बैठक में नारी संगम सीजन-3 की सफलता को केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि महिला नेतृत्व, आत्मविश्वास और सामाजिक जागरूकता का जनआंदोलन बताया गया। आयोजन के प्रत्येक चरण की विस्तृत समीक्षा करते हुए भविष्य में इसे राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक व्यापक स्वरूप देने की रणनीति पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि “लव यू जिंदगी” थीम पर आयोजित नारी संगम सीजन-3 ने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया। इस विराट आयोजन में लगभग 300 संस्थाओं से 2000 से अधिक महिलाओं ने सहभागिता निभाई। महिलाओं के उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण इस आयोजन ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कर रायपुर और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय पहचान दिलाई।

समीक्षा बैठक के दौरान आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाने वाले सभी सदस्यों, पीडीज, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का विशेष सम्मान किया गया। उन्हें स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर उनके समर्पण, मेहनत और उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता टीम की एकजुटता, समर्पण और सकारात्मक सोच पर निर्भर करती है, जिसका उत्कृष्ट उदाहरण नारी संगम बना।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) में आगामी सामाजिक, सांस्कृतिक, सेवा एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रकल्पों पर व्यापक चर्चा की गई। संस्था द्वारा भविष्य में व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व निर्माण, स्वास्थ्य जागरूकता, युवा एवं महिला उन्नयन जैसे विषयों पर बड़े स्तर के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।

बैठक में सभी सदस्यों ने अपने सुझाव साझा करते हुए नारी संगम को देश के सबसे प्रभावशाली महिला सशक्तिकरण अभियानों में शामिल करने की प्रतिबद्धता जताई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, ऊर्जा, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय मेंटर राजेश अग्रवाल, प्रेसिडेंट डॉ. धृति वैभव शर्मा, फाउंडर प्रेसिडेंट लीना वाढेर, चैप्टर कन्वेनर रूपाली दुबे, चैप्टर इंचार्ज आंचल पंजवानी, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर जया अरोड़ा, समस्त पास्ट प्रेसिडेंट्स एवं जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल की पूरी टीम को दिया गया, जिनके दूरदर्शी नेतृत्व और अथक प्रयासों ने नारी संगम सीजन-3 को ऐतिहासिक सफलता दिलाई।

कार्यक्रम की मीडिया प्रभारी सुमन दीवान एवं दीया मूलचंदानी ने बताया कि जेसीआई रायपुर वामा कैपिटल आने वाले समय में समाजहित, महिला सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास को केंद्र में रखकर कई बड़े और नवाचारपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करेगी।

— सुरेंद्र यादव
प्रधान संपादक, चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *