लोगों को दिलाया भरोसा — दी गई जानकारी पूरी तरह रहेगी गोपनीय
चौपाल न्यूज इन http://Chaupalnews.in| रायपुर, छत्तीसगढ़ | 9 मई 2026
भारत सरकार जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार देशभर में संचालित जनगणना 2026 के प्रथम चरण के तहत बलौदाबाजार जिले में 1 मई से मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य तेजी से जारी है। जिले में प्रगणक घर-घर पहुंचकर डिजिटल माध्यम से जनगणना का कार्य कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा स्वयं प्रगणक की भूमिका में नजर आए और उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चल रहे डिजिटल जनगणना कार्य का जायजा लिया।

ग्राम मुण्डा में स्वयं मोबाइल लेकर किया डिजिटल सर्वे
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ग्राम मुण्डा पहुंचकर प्रगणकों द्वारा किए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रगणक से मोबाइल लेकर स्वयं मकान मालिक कार्तिक राम साहू के घर पहुंचे और मकान से संबंधित आवश्यक जानकारी लेकर डिजिटल जनगणना प्रक्रिया पूरी की।
कलेक्टर श्री शर्मा ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए कहा कि भारत सरकार के निर्देशानुसार पूरे देश में जनगणना कार्य संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में मकानों की गणना की जा रही है, जिसके लिए प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर रहे हैं।
उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया में आधार कार्ड, पैन कार्ड या किसी भी प्रकार के ओटीपी की आवश्यकता नहीं है।
प्रगणकों से ली जानकारी, अब तक सैकड़ों मकानों की हुई गणना
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रगणकों से जनगणना कार्य की प्रगति की जानकारी भी ली। प्रगणकों ने बताया कि उनके एचएलबी क्षेत्र में अब तक 348 मकानों की गणना पूरी की जा चुकी है।
बलौदाबाजार शहर के कान्हा विहार में भी लिया जायजा
इसके बाद कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बलौदाबाजार शहर के वार्ड क्रमांक 19 स्थित कान्हा विहार पहुंचकर शहरी क्षेत्र में चल रहे डिजिटल जनगणना कार्य का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने प्रगणकों द्वारा मकान मालिक चंद्रशेखर वर्मा एवं बिजय सराफ के घरों में किए जा रहे डिजिटल सर्वे का अवलोकन किया।
प्रगणकों ने बताया कि इस क्षेत्र में अब तक 148 मकानों की गणना पूरी हो चुकी है।
डिजिटल जनगणना से बढ़ेगी पारदर्शिता और सटीकता
जिले में पहली बार बड़े स्तर पर डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य किए जाने से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सटीक मानी जा रही है। प्रशासन लगातार लोगों से सहयोग की अपील कर रहा है ताकि जनगणना का कार्य समय पर और सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
चौपाल न्यूज इन
रायपुर, छत्तीसगढ़
