धान खरीदी में भारी अनियमितताओं का आरोप, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर ने कृषि उपज मंडी का किया निरीक्षण

धान खरीदी में भारी अनियमितताओं का आरोप, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर ने कृषि उपज मंडी का किया निरीक्षण

आरंग | चौपाल न्यूज इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)http://Chaupalnews.in
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर द्वारा आज कृषि उपज मंडी आरंग स्थित धान खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का नेतृत्व नव नियुक्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरंग शहर खिलावन निषाद ने किया।


निरीक्षण के दौरान धान खरीदी व्यवस्था में कई गंभीर खामियां और अनियमितताएं सामने आईं, जिससे क्षेत्र के किसानों में गहरा असंतोष और आक्रोश देखा गया। कांग्रेस नेताओं ने इसे किसानों के हितों के साथ खुला खिलवाड़ बताया।
तौल प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी का आरोप
कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने निरीक्षण के दौरान पाया कि धान की तौल करते समय बारदाने के वजन के नाम पर प्रति कट्टा 200 से 400 ग्राम तक अतिरिक्त वजन लिया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि यह प्रक्रिया सीधे तौर पर किसानों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रही है और इसे सुनियोजित तरीके से किया जा रहा है।


परिवहन व्यवस्था फेल, अव्यवस्था चरम पर
धान खरीदी केंद्र में समय पर परिवहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण मंडी परिसर में जगह की भारी कमी बन गई है। इस कारण रास्तों पर धान की खरीदी की जा रही है, जिससे अव्यवस्था के साथ-साथ धान खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है। किसानों को खुले में घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है।


अब भी 20 प्रतिशत से अधिक किसानों की खरीदी लंबित
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अब तक 20 प्रतिशत से अधिक किसानों का धान खरीदा जाना शेष है, जबकि खरीदी की अंतिम तिथि नजदीक है। किसानों का आरोप है कि उन्हें बार-बार बुलाया जाता है, लेकिन खरीदी नहीं होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भौतिक सत्यापन पर उठे सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब शासन द्वारा पहले ही किसानों से रकबा पंजीयन कराया जा चुका है, तो फिर भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान क्यों किया जा रहा है? इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है बल्कि किसानों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
किसानों में भारी आक्रोश
सरकार के इस रवैये से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। किसानों का कहना है कि एक ओर सरकार किसान हितैषी होने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर हालात बिल्कुल विपरीत नजर आ रहे हैं।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
निरीक्षण के बाद कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि धान खरीदी व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया और अनियमितताओं पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस पार्टी किसानों के हित में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
निरीक्षण में रहे ये प्रमुख नेता उपस्थित
इस अवसर पर
कोमल सिंह साहू – विधानसभा आरंग अध्यक्ष,
खिलावन निषाद – अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी आरंग शहर,
मंगलमूर्ति अग्रवाल – वरिष्ठ कांग्रेस नेता,
शरद गुप्ता जीतू – नेता प्रतिपक्ष,
समीर गोरी – पार्षद,
ईश्वर पटेल – पार्षद,
भरत लोधी – मंडल अध्यक्ष आरंग शहर,
दिलीप चंद्राकर, शहीद रजा चौहान, मनेश कंडरा, दीपक चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
चौपाल न्यूज इन का सवाल
जब सरकार किसानों से पहले ही सभी दस्तावेज और पंजीयन करवा चुकी है, तो फिर बार-बार सत्यापन और तौल में गड़बड़ी क्यों?
क्या किसानों को उनका हक समय पर मिलेगा या फिर उन्हें यूं ही परेशान किया जाता रहेगा?

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *