अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे शासकीय योजनाओं का लाभ – उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे शासकीय योजनाओं का लाभ – उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन

आयुष्मान कार्ड से निःशुल्क इलाज को लेकर निजी अस्पतालों की जांच के निर्देश
विभागीय योजनाओं की मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट का आदेश
कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री ने कवर्धा में ली समीक्षा बैठक

चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़ | 15 जनवरी 2026
प्रदेश के उद्योग मंत्री एवं कबीरधाम जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। यही सरकार की प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागीय योजनाओं की निरंतर मॉनिटरिंग कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए।


कवर्धा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री श्री देवांगन ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
आयुष्मान कार्ड पर सख्ती
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कुछ निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्डधारकों को निःशुल्क इलाज में लापरवाही की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इस पर उन्होंने जांच टीम गठित कर संबंधित अस्पतालों की सूची तैयार करने, निरीक्षण कराने और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गड़बड़ी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की दिशा में कार्य
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने हेतु मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। सभी अधिकारी टीम भावना से जिले के विकास में योगदान दें।
मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस
कैबिनेट मंत्री ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और राशन को मूलभूत आवश्यकता बताते हुए अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
मत्स्य, कृषि एवं पशुपालन योजनाओं की समीक्षा
मंत्री श्री देवांगन ने मत्स्य विभाग की केज कल्चर योजना सहित अन्य योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के निर्देश दिए, जिससे मछली पालन और पशुपालन से ग्रामीणों की आय में वृद्धि हो सके।
जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी
लोकसभा सांसद श्री संतोष पांडेय ने कहा कि जिन विभागों के कार्यों में कमी पाई गई है, उन्हें प्राथमिकता के साथ गुणवत्ता में सुधार करते हुए पूरा किया जाए। धान खरीदी को लेकर उन्होंने कहा कि सभी किसानों का धान खरीदा जाना शासन की प्राथमिकता है।
पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने विकास कार्यों में समयबद्धता, उर्वरक वितरण, पशु चिकित्सा मोबाइल यूनिट एवं विद्युत विभाग की सक्रियता पर जोर दिया।
उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि
बैठक में कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री धमेंद्र सिंह, डीएफओ श्री निखिल अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय पोयाम सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *