“खाद दो, वरना कुर्सी छोड़ो” के नारों से गूंजा महा पंचायत स्थल 20 मई को विधायक निवास घेराव, रायपुर तक बड़े आंदोलन की चेतावनी

“खाद दो, वरना कुर्सी छोड़ो” के नारों से गूंजा महा पंचायत स्थल 20 मई को विधायक निवास घेराव, रायपुर तक बड़े आंदोलन की चेतावनी

खेती पर मंडरा रहे संकट के खिलाफ आरंग में किसानों का गुस्सा खुलकर सामने आया।

चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़http://ChaupalNews.in
आरंग/लखौली। खेती-किसानी के महत्वपूर्ण सीजन से पहले रासायनिक खाद की आपूर्ति में भारी कटौती और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार गहराते डीजल संकट को लेकर आरंग क्षेत्र के किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। शासन के फैसले के विरोध में बुधवार को ग्राम लखौली में किसानों की विशाल महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीणजन और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए।


महापंचायत में किसानों ने सरकार की खाद नीति और कृषि विश्वविद्यालय की विवादास्पद अनुशंसा पर कड़ा विरोध जताते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पूर्व की खाद-बीज वितरण व्यवस्था बहाल नहीं की गई, तो आगामी 20 मई को विधायक निवास का घेराव किया जाएगा। किसानों ने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास तक प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में किसान नेताओं ने कहा कि एक ओर सरकार खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर किसानों को पर्याप्त खाद और डीजल तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। किसान नेता भूपेन्द्र शर्मा ने कहा कि बिना पर्याप्त जैविक विकल्प उपलब्ध कराए रासायनिक खाद की मात्रा कम करना किसानों के साथ अन्याय है। इससे उत्पादन प्रभावित होगा और किसान आर्थिक संकट एवं कर्ज के जाल में फंस सकते हैं।


महापंचायत में मौजूद किसानों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच खाद और डीजल के लिए किसान लगातार सोसायटियों और पेट्रोल पंपों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि समय पर खाद और डीजल नहीं मिलने से खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे खेती-किसानी पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।
आंदोलन की आगामी रणनीति तय करते हुए किसान नेताओं ने निर्णय लिया कि पहले चरण में विभिन्न सोसायटियों के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी स्थानीय युवाओं और पंचायत प्रतिनिधियों को दी गई है। किसानों ने साफ कहा कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं बल्कि पूरे किसान समाज की लड़ाई है, इसलिए सभी गांवों के किसान एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करेंगे।
महापंचायत के बाद जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर एवं किसान नेता पारस नाथ साहू ने अनुविभागीय अधिकारी आरंग (एसडीएम) को मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की।
इस अवसर पर किसान नेता गोविंद चन्द्राकर, श्रवण चन्द्राकर, जनक राम आवड़े, द्रोण चन्द्राकर, मोनू चन्द्राकर, चिंता राम वर्मा, हिरेश चन्द्राकर, कमल चन्द्राकर, धनाजिक चन्द्राकर सहित क्षेत्र के अनेक किसान, ग्रामीणजन एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसानों की प्रमुख मांगें
पूर्व की खाद वितरण व्यवस्था तत्काल बहाल की जाए
ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए
कृषि नीति में किसानों की राय को प्राथमिकता दी जाए
खेती-किसानी को प्रभावित करने वाले फैसलों पर पुनर्विचार किया जाए

#आरंग #किसान_आंदोलन #खाद_संकट #डीजल_संकट #छत्तीसगढ़_किसान #आरंग_महापंचायत #किसान_हुंकार #खेती_बचाओ #रायपुर #चौपाल_न्यूज #छत्तीसगढ़ #विधायक_घेराव #किसान_एकता #खाद_दो_किसान_बचाओ #Raipur

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *