आरंग में किसानों का फूटा आक्रोश: खाद-डीजल संकट पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान

आरंग में किसानों का फूटा आक्रोश: खाद-डीजल संकट पर आर-पार की लड़ाई का ऐलान

20 मई को विधायक निवास घेराव की चेतावनी, राजधानी रायपुर तक आंदोलन ले जाने की तैयारी

चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ | विशेष रिपोर्ट
आरंग/लखौली। खरीफ सीजन शुरू होने से पहले खाद और डीजल संकट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शासन द्वारा रासायनिक खाद की आपूर्ति में कटौती और ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की कमी को लेकर आरंग क्षेत्र के किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। बुधवार को ग्राम लखौली में आयोजित विशाल किसान महापंचायत में किसानों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बड़े आंदोलन का ऐलान कर दिया।


महापंचायत में किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पूर्व की खाद-बीज वितरण व्यवस्था तत्काल बहाल नहीं की गई और डीजल संकट का समाधान नहीं हुआ, तो आगामी 20 मई को विधायक निवास का घेराव किया जाएगा। किसानों ने यह भी कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास तक प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में किसान नेताओं ने शासन की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर किसानों को समय पर खाद और डीजल तक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। किसान नेता भूपेन्द्र शर्मा ने कहा कि बिना पर्याप्त जैविक विकल्प उपलब्ध कराए रासायनिक खाद की मात्रा कम करना किसानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इससे उत्पादन प्रभावित होगा और किसान आर्थिक संकट में फंस सकते हैं।


महापंचायत में मौजूद किसानों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच किसान खाद और डीजल के लिए सोसायटियों तथा पेट्रोल पंपों के चक्कर काटने को मजबूर हैं, लेकिन हर जगह उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। किसानों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो खरीफ फसल की तैयारी बुरी तरह प्रभावित होगी।
आंदोलन की रणनीति तैयार
किसान नेताओं ने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से चलाने का निर्णय लिया है। पहले चरण में विभिन्न सोसायटियों के सामने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
किसानों ने स्पष्ट कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं बल्कि पूरे किसान समाज की लड़ाई है। ग्राम लखौली, टेकारी, कठिया, भानसोज सहित आसपास के दर्जनों गांवों के किसान एकजुट होकर आंदोलन में शामिल हो रहे हैं।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
महापंचायत के बाद जिला पंचायत सदस्य वतन चन्द्राकर एवं किसान नेता पारस नाथ साहू ने अनुविभागीय अधिकारी आरंग (एसडीएम) को मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खाद और डीजल की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
महापंचायत में रहे उपस्थित
बैठक में किसान नेता गोविंद चन्द्राकर, श्रवण चन्द्राकर, जनक राम आवड़े, द्रोण चन्द्राकर, मोनू चन्द्राकर, चिंता राम वर्मा, हिरेश चन्द्राकर, कमल चन्द्राकर, धनाजिक चन्द्राकर सहित बड़ी संख्या में किसान, ग्रामीणजन और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन
खाद और डीजल संकट को लेकर आरंग के लखौली में आयोजित किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में जुटे किसान एवं ग्रामीणजन।

#आरंग #किसान_आंदोलन #खाद_संकट #डीजल_संकट #छत्तीसगढ़ #रायपुर #किसान_महापंचायत #खेती_बचाओ #किसान_एकता #चौपाल_न्यूज #Raipur #ChhattisgarhNews

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *