रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता, साइबर अपराध पर कसा शिकंजा
साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड बेचकर देशभर में साइबर ठगी को बढ़ावा देने वाले आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा बेचे गए सिम कार्ड का उपयोग म्यूल बैंक अकाउंट, टेलीग्राम रिव्यू टास्क, ऑनलाइन जॉब फ्रॉड, पहचान की चोरी, फर्जी शेयर ट्रेडिंग और सस्ते सामान के नाम पर ठगी जैसे मामलों में किया जा रहा था।
18.52 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा
पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिविल लाइन रायपुर में अपराध क्रमांक 290/25 के तहत बीएनएस की धारा 317(2), 317(4), 317(5), 3(5) एवं टेलीग्राफ एक्ट की धारा 42(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
इस प्रकरण में छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों के पीड़ितों से कुल 18.52 लाख रुपये की साइबर ठगी की रिपोर्ट सामने आई है। जांच में 41 मोबाइल सिम कार्ड की संलिप्तता पाई गई है। मामले की विवेचना रेंज साइबर थाना रायपुर द्वारा की जा रही है।
फर्जी सिम बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी विश्लेषण, सिम सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त जानकारी, पीड़ितों एवं साक्षियों से पूछताछ के आधार पर फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले आरोपी रामकृष्ण कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
मोबाइल शॉप की आड़ में चल रहा था फर्जीवाड़ा
आरोपी “शिवम मोबाइल” और “रामकृष्ण मोबाइल” के नाम से VI, जियो और एयरटेल के सिम कार्ड बेचने हेतु प्वाइंट ऑफ सेल (POS) संचालित कर रहा था। आरोपी के पास से प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए गए हैं, जिनका तकनीकी परीक्षण जारी है।
अपराध का तरीका: e-KYC का दुरुपयोग
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह:
- e-KYC के दौरान डबल थंब स्कैन या आई ब्लिंक का दुरुपयोग कर अतिरिक्त सिम एक्टिवेट करता था
- आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी वाले ग्राहकों का D-KYC कर अतिरिक्त सिम चालू करता था
- इन फर्जी सिम कार्ड को ऊंचे दामों पर अन्य साइबर अपराधियों को बेच देता था
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: रामकृष्ण कुशवाहा
पिता का नाम: छोटेलाल कुशवाहा
उम्र: 32 वर्ष
स्थायी पता: ग्राम बंशीपुर मंगरौरा, मईहर, मध्यप्रदेश
वर्तमान पता: प्राइम रोज, शालिगांव, संगोल्दा, गोवा
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आधार और अन्य पहचान दस्तावेजों का दुरुपयोग न होने दें। किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि या साइबर ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।
Published By : Chaupal News

