अनिल टंडन बोले – हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, प्रशासन तत्काल करे स्थायी व्यवस्था
चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़
राजधानी रायपुर का विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र लगातार बढ़ते यातायात दबाव, अव्यवस्थित ट्रैफिक और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना के बाद चंदखुरी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं समाजसेवी अनिल टंडन ने क्षेत्र में तत्काल ट्रैफिक सिग्नल लगाने, स्थायी ट्रैफिक पुलिस की तैनाती तथा अतिक्रमण हटाने की मांग करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।
अनिल टंडन ने कहा कि विधानसभा ओवरब्रिज, पिरदा चौक, नया रायपुर, बिलासपुर रोड और बलौदाबाजार मार्ग को जोड़ने वाला यह जंक्शन राजधानी का सबसे व्यस्त यातायात केंद्र बन चुका है। इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में निजी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और अन्य शैक्षणिक संस्थान संचालित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, पालक और कर्मचारी आवागमन करते हैं। स्कूल और कॉलेज के समय एक हजार से अधिक स्कूल बसों के गुजरने से यातायात का दबाव कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने बताया कि चारों दिशाओं से भारी वाहन, स्कूल बसें, कारें और दोपहिया वाहन लगातार गुजरते हैं, लेकिन इतने महत्वपूर्ण जंक्शन पर आज तक ट्रैफिक सिग्नल की व्यवस्था नहीं की गई है। परिणामस्वरूप सुबह और शाम के समय लंबा जाम लगना आम बात हो गई है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अनिल टंडन ने हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही की ओर स्पष्ट संकेत करती है। यदि समय रहते ठोस और स्थायी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क किनारे बड़ी संख्या में ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं। कई स्थानों पर ग्राहक अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। कई बार एंबुलेंस, स्कूल बसें और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी ट्रैफिक जाम में फंस जाते हैं।
अनिल टंडन ने कहा, “जब राजधानी के सबसे बड़े एजुकेशन हब में हजारों विद्यार्थियों की सुरक्षा दांव पर लगी हो, तब प्रशासन का मौन रहना दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय अभी से प्रभावी कदम उठाने होंगे। ट्रैफिक सिग्नल, नियमित ट्रैफिक पुलिस और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तत्काल शुरू की जानी चाहिए।”
उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, यातायात विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय नागरिकों, पालकों, स्कूल प्रबंधन और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
मुख्य मांगें
विधानसभा ओवरब्रिज जंक्शन पर तत्काल ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना।
स्थायी ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती।
सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई।
जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान।
अनिल टंडन ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विधानसभा ओवरब्रिज क्षेत्र को दुर्घटनामुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन को बिना देरी किए प्रभावी निर्णय लेना चाहिए।
