चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़
रायपुर ग्रामीण क्षेत्र के तूता गांव में एनआरडीए (NRDA) द्वारा 35 परिवारों को जारी किए गए नोटिस के बाद ग्रामीणों में चिंता और असमंजस का माहौल है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को तूता गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रत्येक प्रभावित परिवार से चर्चा कर उनके दस्तावेज़, राजस्व संबंधी अभिलेख एवं अन्य आवश्यक तथ्य एकत्र किए। ग्रामीणों ने बताया कि वे कई दशकों से इस क्षेत्र में निवास कर रहे हैं तथा अनेक परिवारों के मकान सरकारी आवास योजनाओं के तहत बनाए गए हैं। ऐसे में अचानक मिले नोटिस से उनके सामने आवास, आजीविका और भविष्य को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि यदि कार्रवाई होती है तो उनके परिवार बेघर होने की स्थिति में आ जाएंगे। उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए न्यायपूर्ण समाधान निकालने की मांग की।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं और मांगों को संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा हर संभव प्रयास किया जाएगा कि किसी भी परिवार के साथ अन्याय न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विकास कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा भी उतनी ही आवश्यक है। वर्षों से बसे परिवारों की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और न्याय के आधार पर किया जाना चाहिए।
तूता गांव के प्रभावित परिवारों ने भी उम्मीद जताई कि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचेगी और उन्हें न्यायसंगत समाधान मिलेगा।
— चौपाल न्यूज इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)
