अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बलौदा बाजार में गूंजा स्वास्थ्य का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर बलौदा बाजार में गूंजा स्वास्थ्य का संदेश

पूर्व मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल जी ने विशेष योग शिविर में किया योगाभ्यास

चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ बलौदा बाजार, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बलौदा बाजार में आयोजित विशेष योग शिविर में पूर्व मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने योगाभ्यास कर आमजन को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी, युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा योग को जन-जन तक पहुंचाना रहा।


इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में योग को उत्साहपूर्वक अपनाया जा रहा है।
उन्होंने इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) का उल्लेख करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति जीवन के प्रत्येक चरण में स्वस्थ, ऊर्जावान और आत्मविश्वासी बना रह सकता है। योग न केवल बीमारियों से बचाव का माध्यम है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक सोच का भी आधार है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ, सशक्त और समृद्ध भारत के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है और प्रत्येक नागरिक को इसके महत्व को समझते हुए नियमित अभ्यास करना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति लोगों में नई जागरूकता का संचार किया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ समाज निर्माण का संदेश दिया।

  • चौपाल न्यूज़ इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *