चौपाल न्यूज इन |http://Chaupalnews.in रायपुर, छत्तीसगढ़ | 2 जनवरी
सेवा, संस्कार और संवेदना के भाव से ओतप्रोत वातावरण में बुजुर्गों की चौपाल सामाजिक युवा संस्था, रायपुर द्वारा अपना 10वां स्थापना दिवस कोपलवाणी, सेमरिया में अत्यंत गरिमामय एवं भावनात्मक रूप से मनाया गया। यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज को यह संदेश देने का सशक्त मंच बना कि बुजुर्गों का आशीर्वाद और बच्चों की मुस्कान मिलकर संस्कारवान एवं संवेदनशील समाज की नींव रखते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात चितवन वृद्धा आश्रम से पधारे बुजुर्गों का पारंपरिक तिलक, पुष्पगुच्छ एवं आत्मीय स्वागत कर सम्मान किया गया। आयोजन की विशेषता यह रही कि सभी अतिथि समय से पूर्व ही उपस्थित होकर बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सेवा भाव का उदाहरण प्रस्तुत करते नजर आए।

इस अवसर पर बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष आदरणीय श्रीमती वर्णिका शर्मा जी एवं अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष आदरणीय श्री अमरजीत छबड़ा जी ने बुजुर्गों एवं दिव्यांग बच्चों के साथ मिलकर आरती, तिलक एवं संस्कार कार्यक्रम संपन्न कराया। यह दृश्य सामाजिक समरसता, मानवीय मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का जीवंत उदाहरण बना।


संस्था के संस्थापक प्रशांत पांडे के कार्यों की सराहना
बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा जी ने अपने संबोधन में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आदरणीय प्रशांत पांडे जी के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि
“बुजुर्गों की चौपाल जैसे मंच समाज को मानवीय मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।”



उन्होंने कोपलवाणी की संस्थापक आदरणीय पदमा शर्मा जी के दिव्यांग बच्चों के प्रति समर्पण को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
“सेवा को जीवन का संकल्प बनाया है” – अमरजीत छबड़ा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष आदरणीय श्री अमरजीत छबड़ा जी ने कहा कि बुजुर्गों की चौपाल केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं को जीवंत रखने वाला सामाजिक आंदोलन है।
उन्होंने संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आदरणीय प्रशांत पांडे जी की खुले मंच से सराहना करते हुए कहा—
“प्रशांत पांडे जी ने समाज सेवा को औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प बना लिया है। बुजुर्गों के सम्मान, बच्चों के भविष्य और सामाजिक समरसता के लिए जिस निष्ठा और निरंतरता से वे कार्य कर रहे हैं, वह अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है।”
श्री छबड़ा जी ने कोपलवाणी की संस्थापक आदरणीय पदमा शर्मा जी के विगत 15 वर्षों के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा—
“पिछले 15 वर्षों से दिव्यांग बच्चों के लिए जिस निःस्वार्थ सेवा, संवेदना और समर्पण भाव से पदमा शर्मा जी कार्य कर रही हैं, वह सामान्य नहीं बल्कि ईश्वर की विशेष कृपा—एक ‘गॉड गिफ्ट’ है। सेवा का ऐसा भाव हर किसी को प्राप्त नहीं होता।”
उन्होंने कहा कि कोपलवाणी आज उन बच्चों के लिए आत्मविश्वास, सम्मान और आशा का केंद्र बन चुकी है, जिन्हें समाज में नई दिशा की आवश्यकता होती है।
अपने उद्बोधन के अंत में उन्होंने बुजुर्गों को स्वयं भोजन परोसते हुए सेवा, समानता और मानवीय गरिमा का सशक्त संदेश भी दिया।
बाल चौपाल अध्यक्ष के रूप में रंजिता यादव मनोनीत
इस अवसर पर आदरणीय रंजिता यादव जी को बाल चौपाल अध्यक्ष के पद पर सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। श्रीमती वर्णिका शर्मा जी ने तिलक लगाकर उन्हें बच्चों के अधिकार, शिक्षा, संस्कार एवं संरक्षण हेतु समर्पित भाव से कार्य करने की शपथ दिलाई।

दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन
कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत समूह नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थितजनों का मन मोह लिया। वहीं बुजुर्गों ने भी गीत, नृत्य और अपने जीवन अनुभव साझा कर पूरे वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
नारी, युवा और बुजुर्ग—तीनों की सहभागिता पर बल
कार्यक्रम में नारी चौपाल अध्यक्ष डॉ. आरती उपाध्याय जी एवं युवा चौपाल अध्यक्ष श्री आलोक शर्मा जी ने कहा कि
“बुजुर्गों का अनुभव, बच्चों की ऊर्जा और युवाओं की सेवा भावना मिलकर ही समाज को सही दिशा दे सकती है।”
इस अवसर पर संस्था की संरक्षिका आदरणीय श्रीमती कांता सिंघानिया जी
(डायरेक्टर – अविनाश ग्रुप एवं संरक्षिका – संतोष ग्रोथ एकेडमी ग्रुप) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष सम्मान प्रदान किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में श्वेता पांडे जी, लीला साहू जी, अनीता विशाल जी, कविता तिवारी जी, प्रियंका उपाध्याय जी, चंदप्रकाश सोनी जी सहित चौपाल परिवार के अनेक सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कोपलवाणी सेमरिया में आयोजित बुजुर्गों की चौपाल का 10वां स्थापना दिवस संस्कार, संवेदना और सेवा का ऐसा संगम बना, जिसने समाज को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त संदेश दिया।
✍️ रिपोर्ट : चौपाल न्यूज इन
प्रधान संपादक सुरेन्द्र यादव
📍 सेमरिया, रायपुर (छत्तीसगढ़)
📅 दिनांक : 2 जनवरी









