रायपुर/बालोद | चौपाल न्यूज इनhttp://Chaupalnews.in
छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित नेशनल लेवल रोवर-रेंजर जंबूरी 2026 के आयोजन को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस पार्टी ने शिक्षा विभाग में गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार की तीखी घेराबंदी की है। कांग्रेस का आरोप है कि बालोद में होने वाले जंबूरी आयोजन का टेंडर खुलने से पहले ही एक निजी कंपनी द्वारा काम शुरू कर दिया गया, जो नियमों की खुली अवहेलना है।
राजीव भवन में दस्तावेजों के साथ हुआ खुलासा
राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पीसीसी महामंत्री सुबोध हरितवाल ने जेम पोर्टल से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करते हुए कहा कि यह मामला साफ तौर पर अफसर-कंपनी सांठगांठ की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता को ताक पर रख दिया गया है।
टेंडर से पहले ही काम शुरू, कई सवाल खड़े
कांग्रेस महामंत्री ने बताया कि

👉 जंबूरी आयोजन का टेंडर 03 जनवरी को सुबह 12 बजे जेम पोर्टल पर खुलना था,
👉 लेकिन उससे पहले ही शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बालोद के आयोजन स्थल पर एक निजी कंपनी द्वारा काम शुरू कर दिया गया।
मौके पर भारत किराया भंडार के ट्रक, निर्माण सामग्री और बड़ी संख्या में श्रमिकों की मौजूदगी यह स्पष्ट करती है कि पूरी तैयारी के साथ काम पहले से शुरू किया जा चुका था।
राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव नहीं: कांग्रेस
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि 9 से 13 जनवरी तक प्रस्तावित जंबूरी जैसे बड़े आयोजन में टेंडर प्रक्रिया से पहले ही कंपनी को काम सौंपना क्या राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव है?
उन्होंने यह भी पूछा कि क्या शिक्षा मंत्री ने इस पूरे मामले पर मौन सहमति दे दी है?
निष्पक्ष जांच या मामला दबाने की तैयारी?
पीसीसी महामंत्री सुबोध हरितवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि,
“यह सवाल सिर्फ गड़बड़ी का नहीं है, बल्कि यह जानने का है कि क्या पहले ही तय कर लिया गया था कि काम किस कंपनी को मिलेगा।”
उन्होंने सरकार से मांग की कि
✔️ पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाए
✔️ दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो
✔️ जेम पोर्टल जैसी पारदर्शी व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखी जाए
जंबूरी आयोजन पर मंडराया विवाद का साया
नेशनल लेवल रोवर-रेंजर जंबूरी जैसे प्रतिष्ठित आयोजन को लेकर सामने आए हालात ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि सरकार इस मामले में जांच कराएगी या इसे दबाने का प्रयास करेगी।
