पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा
चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़http://Chaupalnews.in
देश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में हो रही लगातार वृद्धि के विरोध में आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों को आम जनता के लिए घातक बताते हुए जमकर निशाना साधा।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आज देश की जनता महंगाई की मार झेलने को मजबूर है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और छोटे व्यापारियों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा किया था, लेकिन आज हालात यह हैं कि आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। केंद्र सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
इस अवसर पर रायपुर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे रायपुर उत्तर के पूर्व विधायक एवं गृह निर्माण मंडल के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप जुनेजा, धरसीवा की पूर्व विधायक अनीता शर्मा, बलौदाबाजार विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी, नगर निगम रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे एवं युवा कांग्रेस छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सभी कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि से परिवहन महंगा हो गया है, खेती की लागत बढ़ी है और हर आवश्यक वस्तु आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के दाम तत्काल कम करने, महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
✍️ चौपाल न्यूज इन
रायपुर | छत्तीसगढ़
