आरंग सहित जिला व ब्लॉक मुख्यालयों में कर्मचारी-अधिकारी करेंगे धरना–प्रदर्शन
आरंग। चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ http://ChaupalNews.in
प्रदेश के समस्त कर्मचारी एवं अधिकारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन के पथ पर हैं। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन के तृतीय चरण में प्रवेश करते हुए 29, 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय “काम बंद–कलम बंद” हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान जिला एवं ब्लॉक स्तर पर धरना–प्रदर्शन और रैलियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे शासकीय कार्यालयों का नियमित कार्य प्रभावित रहेगा।

🗣️ फेडरेशन प्रवक्ता ओंकार प्रसाद वर्मा का बयान
छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के संभागीय सचिव एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन आरंग के प्रवक्ता ओंकार प्रसाद वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आंदोलन कर्मचारियों से किए गए वादों की अनदेखी के विरोध में “मोदी की गारंटी लागू करो” अभियान के तहत किया जा रहा है। राज्य शासन द्वारा कर्मचारियों की जायज मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं लिए जाने से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
📌 ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख 11 सूत्रीय मांगें
केंद्र के समान देय तिथि से कर्मचारियों व पेंशनरों को महंगाई भत्ता (DA) लागू किया जाए।
DA एरियर्स की राशि कर्मचारियों के GPF खाते में समायोजित की जाए।
सभी कर्मचारियों को चार स्तरीय समयमान वेतनमान दिया जाए।
लिपिक, शिक्षक, स्वास्थ्य, महिला बाल विकास सहित अन्य संवर्गों की वेतन विसंगतियों के निराकरण हेतु गठित पिंगवा समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर समस्त सेवा लाभ दिए जाएं एवं पंचायत सचिवों का शासकीयकरण किया जाए।
सहायक शिक्षकों व सहायक पशु चिकित्सा अधिकारियों को तृतीय समयमान वेतनमान, नगरीय निकाय कर्मचारियों को नियमित मासिक वेतन व समयबद्ध पदोन्नति दी जाए।
अनुकंपा नियुक्ति में 10% सीलिंग में शिथिलीकरण किया जाए।
प्रदेश में कैशलेस चिकित्सा सुविधा तत्काल लागू की जाए।
अर्जित अवकाश के नकदीकरण की सीमा 300 दिवस की जाए।
दैनिक वेतनभोगी, अनियमित एवं संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण हेतु ठोस नीति बनाई जाए।
सभी विभागों में समानता लाते हुए सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष की जाए।
🚩 जिला व ब्लॉक स्तर पर होगा आंदोलन
फेडरेशन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जहां जिला मुख्यालय दूर है, वहां ब्लॉक स्तरीय रैली व धरना आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सामूहिक अवकाश आवेदन को लेकर विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिकतम संख्या में कर्मचारी आंदोलन में सहभागिता निभा सकें।
🤝 एकजुटता का आह्वान
इस आंदोलन को सफल बनाने हेतु संगठन के संयोजक मानिक लाल मिश्रा, उप संयोजक शैलेंद्र कुमार शुक्ला एवं टेपेन्द्र कुमार बैस, महासचिव संतलाल साहू, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार चंद्राकर, सचिव नितिन मिश्रा एवं डॉ. नंदकिशोर गिलहरे, सहसचिव थानसिंग चंद्राकर, कार्यालय सचिव राहुल जोशी, सलाहकार डी.के. रंगडाहले, संगठन सचिव प्रफुल्ल कुमार मांझी, राजकुमार नारंग, डिगेश्वर प्रसाद साहू, सह प्रवक्ता हिरेंद्र बंजारे, मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार वैष्णव, छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ आरंग के तहसील अध्यक्ष भूखन लाल चंद्राकर एवं विकासखंड अध्यक्ष विजय कुमार चंद्राकर ने सभी विभागों के कर्मचारी-अधिकारियों से तीन दिवसीय अवकाश लेकर आंदोलन स्थल पर पहुंचकर एकजुटता का परिचय देने की अपील की है।
✉️ प्रेषक:
ओंकार प्रसाद वर्मा
फेडरेशन प्रवक्ता, आरंग
—
चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़
