तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को सौंपा संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन, चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के खिलाफ निष्पक्ष जांच की मांग
मंदिर हसौद/रायपुर। रायपुर ग्रामीण के मंदिर हसौद क्षेत्र में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के कथित दान (चढ़ावा) प्रकरण को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चंदखुरी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मुख्य चौक पर एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर नवीन तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त लिखित शिकायत सौंपते हुए चंपत राय एवं डॉ. अनिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान एवं चढ़ावे के प्रबंधन में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे करोड़ों रामभक्तों की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंची है। उनका कहना था कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं, बल्कि देशवासियों की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।


कांग्रेस नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि विभिन्न मीडिया रिपोर्टों एवं सार्वजनिक रूप से सामने आई जानकारियों के आधार पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय तथा पूर्व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा की भूमिका संदेह के घेरे में है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि उपलब्ध तथ्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की उपयुक्त धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।




प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर जिला रायपुर ग्रामीण उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, महासचिव रेखाराम पात्रे, ब्लॉक अध्यक्ष कोमल साहू, खिलावन निषाद, जिला सचिव प्रवीण सिंह, पालिका अध्यक्ष गोपाल चतुर्वेदी, जिला पंचायत सदस्य हेमंत कश्यप, पार्षद अनुज मिश्रा, राकेश मिश्रा, राकेश जायसवाल, उत्तम साहू, दीनू यादव, भूषण बघेल, मंडल अध्यक्ष पुरुषोत्तम धीवर, हरि बंजारे, सुभाष साहू, अनिल टंडन, उपेंद्र भारती, सौरभ चंद्राकर, प्रेमशंकर यदु, संजीव चंद्राकर, महेंद्र बंजारे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

चौपाल न्यूज इन की विशेष टिप्पणी
कांग्रेस द्वारा यह प्रदर्शन ऐसे समय में किया गया है जब श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित दान प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज है। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई। वहीं, इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब सामने आने की प्रतीक्षा रहेगी।
— सुरेंद्र यादव
प्रधान संपादक, चौपाल न्यूज इन
रायपुर, छत्तीसगढ़

