विद्या समीक्षा ऐप की तकनीकी खामियों से शिक्षकों को राहत देने, वेतन नहीं रोकने और वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति करने की मांग
चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ आरंग/रायपुर। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर के नेतृत्व में नव नियुक्त जिला शिक्षा अधिकारी जी.एम. सतीश कुमार से सौजन्य भेंट कर जिले के शिक्षकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधिकारी का स्वागत करते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई।

बैठक के दौरान संघ ने वर्तमान में विद्या समीक्षा ऐप के माध्यम से ली जा रही शिक्षकों की दैनिक ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त कीं। संघ के संभागीय सचिव ओंकार प्रसाद वर्मा ने बताया कि सर्वर डाउन, इंटरनेट नेटवर्क की कमी तथा तकनीकी बाधाओं के कारण शिक्षकों को प्रतिदिन अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जब तक ऐप पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित नहीं हो जाता, तब तक किसी भी शिक्षक का वेतन न रोका जाए और न ही उनके विरुद्ध किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
फील्ड कर्मचारियों के लिए अलग ऐप की मांग
शिक्षक संघ ने यह भी सुझाव दिया कि संकुल समन्वयकों एवं फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों के कार्य की प्रकृति अलग होने के कारण उनके लिए अलग उपस्थिति ऐप विकसित किया जाए, जिससे अनावश्यक तकनीकी परेशानियों से बचा जा सके।
वरिष्ठता सूची और पदोन्नति का मामला भी उठा
प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा कार्यालय द्वारा अब तक वरिष्ठता सूची जारी नहीं किए जाने पर चिंता व्यक्त की। संघ ने कहा कि जिले में बड़ी संख्या में स्नातकोत्तर एवं बी.एड. प्रशिक्षित शिक्षक वर्षों से एक ही पद पर कार्यरत हैं। ऐसे में शीघ्र वरिष्ठता सूची जारी कर विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक आयोजित करते हुए पात्र शिक्षकों को पदोन्नति प्रदान की जाए। साथ ही प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से वरिष्ठता सूची के आधार पर डीपीसी कर पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग भी रखी गई।
परीक्षा अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव
बैठक में संगठन ने यह भी सुझाव दिया कि प्रत्येक वर्ष उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक परीक्षा अनुमति के आवेदन प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में प्रत्येक आवेदन पर अलग-अलग आदेश जारी करने के बजाय सामूहिक अनुमति आदेश जारी किए जाएं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में समय की बचत हो और शिक्षकों को भी सुविधा मिल सके।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सुनी समस्याएं
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि जिला शिक्षा अधिकारी शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे। शिक्षक संघ ने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
बैठक में ये रहे उपस्थित
सौजन्य भेंट के दौरान प्रांतीय संगठन मंत्री ओंकार सिंह ठाकुर, संभागीय सचिव ओंकार प्रसाद वर्मा, संभागीय कोषाध्यक्ष गोविंद सोनी, जिलाध्यक्ष मनीष देवांगन, जिला संगठन मंत्री सुनील नायक, जिला कोषाध्यक्ष मोहित वर्मा, विकासखंड संगठन मंत्री अवध वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुजीत शर्मा, नीरज गुप्ता, अनुराग शर्मा, दिलीप साहू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
✍️ सुरेन्द्र यादव
प्रधान संपादक
चौपाल न्यूज इन | रायपुर, छत्तीसगढ़
“हर खबर की पैनी नज़र”
