सिवनी स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव, बच्चों को बांटी गई पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं लेखनी
चौपाल न्यूज इन रायपुर छत्तीसगढ़ आरंग। शिक्षा के प्रति बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिवनी में प्रतिवर्षानुसार शाला प्रवेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं मां भारती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के संरक्षक श्री लीलाधर चंद्राकर, अध्यक्ष मुरारी धीवर, उपसरपंच दौलत घृतलहरे सहित ग्राम के पंचगण एवं नवगठित शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यालय में पहली बार प्रवेश लेने वाले कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया तथा उन्हें पुष्पगुच्छ, पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं लेखनी भेंट कर शिक्षा के नए सफर के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि श्री लीलाधर चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिश्रम का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बच्चे अपने माता-पिता, गांव और गुरुजनों का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम के पूर्व सरपंच रामखेलु तारक की ओर से विद्यार्थियों को जूता-मोजा प्रदान किया गया। वहीं मध्यान्ह भोजन समूह द्वारा आयोजित विशेष न्यौता भोज में बच्चों को स्वादिष्ट भोजन कराया गया। इस अवसर पर शांति स्वरूप वर्मा द्वारा बच्चों को लड्डू एवं चॉकलेट वितरित कर उनकी खुशियों को और बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के संरक्षक लीलाधर चंद्राकर, अध्यक्ष मुरारी धीवर, उपाध्यक्ष सरोज घृतलहरे, उपसरपंच दौलत घृतलहरे, पंचगण बलदाऊ वर्मा, बेना बाई चंद्रसेन, तारनी वर्मा, माया वर्मा, राजेश वर्मा, शांति स्वरूप वर्मा, चंद्रिका ध्रुव सहित सदस्यगण चित्ररेखा ध्रुव, यशोदा घृतलहरे, कुंती देवदास, डेमिन धीवर, किरण धीवर, आरती ध्रुव, बिसेन ओगरे एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधान पाठक ओंकार प्रसाद वर्मा ने किया, जबकि किशन लाल कोशले ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं मध्यान्ह भोजन रसोइयों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश
शाला प्रवेश उत्सव ने न केवल बच्चों के लिए विद्यालय का पहला दिन यादगार बनाया, बल्कि अभिभावकों एवं ग्रामीणों को भी शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करने का कार्य किया। विद्यालय परिवार द्वारा किए गए इस अभिनव स्वागत ने बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनत्व और उत्साह का भाव जगाया।
प्रेषक :
ओंकार प्रसाद वर्मा
प्रधान पाठक
शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला, सिवनी
चौपाल न्यूज़ इन, रायपुर (छत्तीसगढ़)
