चौपाल न्यूज इन | Raipur, Chhattisgarh http://Chaupalnews.in
सेवा का बड़ा मुकाम: बेटर भारत फाउंडेशन ने पूरे किए 100 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान अभियान
रायपुर। समाज सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए Better Bharat Foundation ने 100 निःशुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप और रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन पूरा कर लिया है। संस्था द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से न केवल लोगों को रक्तदान के प्रति प्रेरित किया जा रहा है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का भी व्यापक प्रयास किया जा रहा है।
इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का कार्य किया, वहीं कई नागरिकों ने मुफ्त स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों से चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त किया।
“रक्तदान महादान” अभियान से मिली नई पहचान
संस्था ने मार्च 2025 में अपने प्रमुख सामाजिक अभियान “रक्तदान महादान” की शुरुआत की थी। शुरुआत में यह अभियान कुछ सहयोगी मित्रों के साथ और बिना किसी औपचारिक टीम के प्रारंभ हुआ था, लेकिन एक वर्ष के भीतर यह अभियान एक बड़े सामाजिक आंदोलन के रूप में विकसित हो गया।

इस पहल का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना, लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।
गंभीर बीमारियों के मरीजों की भी हो रही मदद
Better Bharat Foundation कैंसर, हृदय रोग और न्यूरोलॉजिकल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए भी जागरूकता, काउंसलिंग और अस्पतालों के साथ समन्वय कर सहायता प्रदान कर रही है। इससे कई मरीजों को समय रहते सही उपचार की दिशा मिल रही है।
100 से अधिक स्वयंसेवक निभा रहे जिम्मेदारी

वर्तमान में संस्था के साथ 5 समर्पित कर्मचारी और 100 से अधिक स्वयंसेवक जुड़े हुए हैं, जो लगातार रक्तदान शिविरों के आयोजन, अस्पतालों और ब्लड बैंकों के साथ समन्वय तथा समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं।
इन शिविरों के माध्यम से सैकड़ों लोगों ने रक्तदान किया है और बड़ी संख्या में नागरिकों को मुफ्त स्वास्थ्य जांच का लाभ मिला है, जिससे कई लोगों को अपनी स्वास्थ्य समस्याओं की जानकारी समय रहते मिल सकी।
चार शहरों तक पहुंचा सेवा का अभियान

आज Better Bharat Foundation की सामाजिक गतिविधियां Raipur सहित चार शहरों तक विस्तार कर चुकी हैं, जहां स्थानीय संस्थाओं, अस्पतालों और स्वयंसेवकों के सहयोग से नियमित रूप से रक्तदान और स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
समाज के सहयोग से मिली सफलता
संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि 100 शिविरों की यह उपलब्धि समाज के सहयोग और स्वयंसेवकों की प्रतिबद्धता का परिणाम है।
उन्होंने कहा —
“रक्तदान किसी भी व्यक्ति द्वारा किया जाने वाला सबसे सरल और सबसे बड़ा जीवनदान है। हमारा प्रयास है कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति विकसित हो और हर जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।”
संस्था ने आने वाले समय में अधिक शहरों में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई है और समाज, अस्पतालों तथा कॉरपोरेट संस्थाओं से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है।
— चौपाल न्यूज इन
